
बैमा शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल में सरस्वती साइकिल वितरण एवं व्यायामशाला का हुआ उद्घाटन
बिलासपुर। बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बैमा स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में सरस्वती साइकिल वितरण योजना के तहत छात्राओं को साइकिल वितरित की गई। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में नवनिर्मित व्यायामशाला का भी लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय समन्वयक एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता त्रिलोक चंद्र श्रीवास ने छात्राओं को साइकिल वितरित करते हुए कहा कि बेटियां पढ़ेंगी तो राष्ट्र बढ़ेगा। शिक्षित बेटियां परिवार, समाज और देश के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि विद्यार्थी जीवन व्यक्ति के जीवन का स्वर्णिम काल होता है, इसलिए इस समय का सदुपयोग कर शिक्षा और संस्कारों के माध्यम से अपने भविष्य को संवारना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार किसी भी दल की हो, उसका उद्देश्य आमजन के विकास, क्षेत्र की खुशहाली और बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होना चाहिए। बैमा, नगोई और बेलतरा क्षेत्र के समग्र विकास के लिए वे निरंतर प्रयासरत हैं। कार्यक्रम को जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी ने भी संबोधित करते हुए छात्राओं को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक दिवाकर ने किया। इस अवसर पर कांग्रेस नेता महेश मिश्रा, सरपंच फते लाल सूर्यवंशी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता अशोक शास्त्री शुक्ला, शर्मा, आशीष सिंह बारगाह, दीपक नादम, लोक प्रकाश दिवाकर, शैलेश सोनवानी, हेमलाल यादव, सतीश श्रीवास, अभिषेक श्रीवास, शुभम श्रीवास, कृष्ण यादव, सुरेश लसकर, शाला विकास समिति की अध्यक्ष सुनीता यादव सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, छात्र-छात्राएं एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार की ओर से त्रिलोक चंद्र श्रीवास का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मान किया गया।

