खैरागढ़। कांग्रेस के आंदोलन की चेतावनी और लगातार मीडिया कवरेज के बाद आखिरकार प्रशासन हरकत में आया और नया बस स्टैंड स्थित यात्री प्रतीक्षालय की तस्वीर बदल गई। लंबे समय से बदहाल पड़े इस प्रतीक्षालय में अब आवश्यक सुविधाएं बहाल कर दी गई हैं, जिससे यात्रियों को बड़ी राहत मिली है।जानकारी के अनुसार प्रतीक्षालय में पहले गंदगी का अंबार लगा रहता था। परिसर में शराब की खाली बोतलें, डिस्पोजल सामग्री और पानी के पाउच बिखरे पड़े रहते थे, जिससे यह स्थान नशेड़ियों का अड्डा बन गया था। कई बार नगर पालिका को शिकायत करने के बावजूद कोई सुधार नहीं हुआ। इसके बाद शहर कांग्रेस कमेटी ने 18 मार्च को कलेक्टर से मुलाकात कर 22 मार्च तक व्यवस्था दुरुस्त नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी थी। साथ ही इस मुद्दे को मीडिया में प्रमुखता से उठाया गया, जिसके बाद प्रशासन पर दबाव बढ़ा और तत्काल कार्रवाई शुरू की गई। कलेक्टर के निर्देश पर नगर पालिका ने तय समय-सीमा से पहले ही प्रतीक्षालय में सुधार कार्य पूरा कर लिया। अब यहां पेयजल की व्यवस्था, बैठने की सुविधा, साफ-सफाई और रंग-रोगन का कार्य कर दिया गया है। व्यवस्था का जायजा लेने शहर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. अरुण भारद्वाज और विधायक प्रतिनिधि मनराखन देवांगन के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष दीपक देवांगन, पुरन सारथी, शेखर दास वैष्णव, रविंद्र सिंह गहेरवार, महेश यादव, सूर्यकांत यादव और अजय देवांगन उपस्थित रहे। सभी ने सुधार कार्य पर संतोष जताते हुए नगर पालिका के पुनीत वर्मा का आभार व्यक्त किया।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. अरुण भारद्वाज ने कहा कि जनसमस्याओं को लेकर कांग्रेस लगातार आवाज उठाती रहेगी। वहीं विधायक प्रतिनिधि मनराखन देवांगन ने कहा कि कांग्रेस जनता के हित में शासन-प्रशासन को जगाने का काम कर रही है। मीडिया कवरेज और आंदोलन की चेतावनी के बाद त्वरित कार्रवाई होने से कांग्रेस ने फिलहाल अपना प्रस्तावित आंदोलन स्थगित कर दिया है।


