खैरागढ़। दाऊचौरा वार्ड नं.17 में धार्मिक और सांस्कृतिक माहौल उस समय जीवंत हो उठा जब रामलीला मंडल मैहर द्वारा 28 तारीख से रामलीला का शानदार मंचन प्रारंभ किया गया। पहले ही दिन दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ी और पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला। रामलीला के उद्घाटन दिवस पर ताड़का वध की लीला का प्रभावशाली मंचन किया गया। कलाकारों ने अपने जीवंत अभिनय, आकर्षक वेशभूषा और संवाद अदायगी से दर्शकों का मन मोह लिया। भगवान श्रीराम द्वारा राक्षसी ताड़का के वध का दृश्य इतना सजीव था कि उपस्थित लोग मंत्रमुग्ध हो गए और जय श्रीराम के जयकारों से पूरा पंडाल गूंज उठा। कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। रामलीला के माध्यम से मर्यादा, धर्म और सत्य की जीत का संदेश दिया जा रहा है जो समाज के लिए प्रेरणादायक है। आयोजकों ने बताया कि आगामी दिनों में रामायण के विभिन्न प्रसंगों का मंचन किया जाएगा जिसे देखने के लिए क्षेत्रवासियों में खासा उत्साह है। दाऊचौरा में चल रही यह रामलीला न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र बनी है बल्कि सांस्कृतिक विरासत को भी सहेजने का एक सुंदर प्रयास साबित हो रही है।
Loading...


