
खैरागढ़। साल्हेवारा वन परिक्षेत्र में मछली पकड़ने गए 50 वर्षीय ग्रामीण पर मादा भालू ने हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छुईखदान में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल राजनांदगांव रेफर किया गया। जानकारी के अनुसार, 13 जुलाई 2026 को शाम करीब 3 बजे वन परिक्षेत्र साल्हेवारा के उपवृत एवं परिसर बकरकट्टा के कक्ष क्रमांक पीएफ-185 स्थित नाले में सूरतलाल बैगा उम्र 50 वर्ष पिता थानूराम बैगा मछली पकड़ने गए थे। इसी दौरान दो शावकों के साथ मौजूद एक मादा भालू ने उन पर अचानक हमला कर दिया। हमले में सूरतलाल बैगा गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन उन्हें तत्काल शासकीय चिकित्सालय छुईखदान लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें जिला चिकित्सालय राजनांदगांव रेफर कर दिया। वन विभाग ने घटना की सूचना उच्च अधिकारियों को भेजते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही वन क्षेत्र में रहने वाले ग्रामीणों और जंगल जाने वाले लोगों से सावधानी बरतने तथा अकेले जंगल में प्रवेश नहीं करने की अपील की है।

