खैरागढ़। स्वास्थ्य सेवाओं की बेहतर व्यवस्था और मरीजों के प्रति समर्पित सेवा भावना का नाम बन चुके सिविल अस्पताल खैरागढ़ के खंड चिकित्सा अधिकारी (बीएमओ) डॉ. विवेक बिसेन आज पूरे क्षेत्र में भरोसे का पर्याय बन गए हैं। प्रशासनिक जिम्मेदारियों का कुशलतापूर्वक निर्वहन करने के साथ-साथ वे प्रतिदिन मरीजों का उपचार कर मानवीय सेवा की मिसाल पेश कर रहे हैं। डॉ.विवेक बिसेन अपने शांत, सरल और मृदुभाषी स्वभाव के कारण मरीजों के बीच विशेष पहचान रखते हैं। अस्पताल आने वाले प्रत्येक मरीज की समस्या को गंभीरता से सुनकर बेहतर उपचार उपलब्ध कराने का उनका प्रयास लोगों का विश्वास लगातार मजबूत कर रहा है। बीएमओ के रूप में वे केवल अस्पताल की व्यवस्थाओं तक सीमित नहीं हैं, बल्कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाने, चिकित्सकीय सुविधाओं के विस्तार और जरूरतमंद मरीजों तक बेहतर इलाज पहुंचाने के लिए लगातार सक्रिय रहते हैं। गरीब और आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को शासकीय स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ दिलाने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। कोरोना महामारी जैसे चुनौतीपूर्ण समय में भी डॉ.बिसेन ने अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा और साहस के साथ निर्वहन किया। कठिन परिस्थितियों में भी मरीजों की सेवा जारी रखकर उन्होंने स्वास्थ्य सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दिया। सहकर्मियों और आम जनता के बीच डॉ विवेक बिसेन एक कर्मठ, संवेदनशील और जनसेवा के प्रति समर्पित चिकित्सक के रूप में जाने जाते हैं। उनका मानना है कि चिकित्सा केवल एक पेशा नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का सबसे बड़ा माध्यम है। नेशनल डॉक्टर्स डे के अवसर पर क्षेत्रवासियों ने बीएमओ डॉ. विवेक बिसेन की सेवाओं को नमन करते हुए उनके स्वस्थ, सफल और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उनकी कार्यशैली आज युवा चिकित्सकों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन चुकी है।
Loading...

