गंडई। केसीजी जिले के गंडई नगर के वार्ड क्रमांक 14 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। जिस परिसर में छोटे बच्चों की शिक्षा, पोषण और देखभाल की गतिविधियां संचालित होनी चाहिए, वहां देर शाम और रात के समय शराबखोरी किए जाने के आरोप लगे हैं। इस घटना से स्थानीय लोगों में नाराजगी है और विभागीय निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ असामाजिक तत्व आंगनबाड़ी केंद्र परिसर में बैठकर शराब का सेवन करते हैं। परिसर में शराब की खाली बोतलें, डिस्पोजेबल गिलास और अन्य कचरा मिलने की बात भी सामने आई है। इससे परिसर की स्वच्छता और गरिमा दोनों प्रभावित हो रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण केंद्र है। ऐसे स्थान पर शराबखोरी जैसी गतिविधियां न केवल अनुचित हैं, बल्कि बच्चों और अभिभावकों के बीच गलत संदेश भी पहुंचाती हैं। लोगों ने सवाल उठाया कि यदि नियमित निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था होती, तो परिसर का इस तरह दुरुपयोग नहीं हो पाता। स्थानीय नागरिकों ने महिला एवं बाल विकास विभाग और प्रशासन से आंगनबाड़ी केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, नियमित निरीक्षण कराने तथा परिसर में शराबखोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि संबंधित विभाग और प्रशासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हैं तथा बच्चों के लिए सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करने के लिए क्या ठोस कदम उठाते हैं।
Loading...

