घर में बिजली का तार ठीक करते समय हुआ हादसा, अस्पताल पहुंचने से पहले ही थम गईं सांसें
खैरागढ़। जिले के ग्राम खपरीतेली में शुक्रवार शाम एक हृदयविदारक हादसे में 11वीं कक्षा के 16 वर्षीय छात्र की करंट लगने से मौत हो गई। इस घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार, ग्राम खपरीतेली निवासी आशीष साहू उम्र 16 वर्ष पिता रामनाथ साहू घर में बिजली के तार को व्यवस्थित कर रहा था। शाम करीब 5 बजे तार ठीक करने के बाद जैसे ही उसने बिजली का स्विच ऑन किया, वह अचानक तेज करंट की चपेट में आ गया। करंट का झटका इतना तेज था कि वह गंभीर रूप से झुलसकर मौके पर ही गिर पड़ा। परिजनों ने चीख-पुकार सुनकर तत्काल आशीष को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। एडिशनल एएसपी नितेश कुमार गौतम ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया और शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। कम उम्र में छात्र की असामयिक मौत से परिजन और ग्रामीण गहरे सदमे में हैं।

