जालबांधा। जालबांधा मुख्य मार्ग के समीप शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में हाई वोल्टेज बिजली लाइन की चपेट में आने से एक ई-रिक्शा चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।जानकारी के अनुसार, ग्राम घुमर्रा निवासी बिसनाथ वर्मा (पिता–मायाराम वर्मा) ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। शनिवार को वे लगभग 20 फीट लंबा लोहे का पाइप ई-रिक्शा में लोड करने के लिए ले जा रहे थे। इसी दौरान पाइप सीधा ऊपर उठ जाने से वह ऊपर से गुजर रही 1100 वोल्ट की विद्युत लाइन के संपर्क में आ गया। बिजली लाइन से पाइप के स्पर्श होते ही तेज करंट दौड़ गया, जिससे बिसनाथ वर्मा गंभीर रूप से झुलस गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस एवं विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। इस हादसे के बाद ग्रामीणों में गहरा आक्रोश और शोक है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि बिजली लाइनों के नीचे सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराया जाए तथा लोगों को विद्युत सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
Loading...

