खैरागढ़. खैरागढ़ क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम कुम्ही और दपका के बीच बहने वाली लमानीन नदी में रविवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब ग्रामीणों ने नदी के पानी में एक बुजुर्ग महिला का शव तैरते हुए देखा। मृतका की पहचान ग्राम कुम्ही निवासी 60 वर्षीय मंगनी बाई चंद्रवंशी के रूप में हुई है जो पिछले चार दिनों से लापता थीं।
मछुआरों ने दी ग्रामीणों को सूचना
मिली जानकारी के अनुसार आज सुबह करीब 10 बजे एक मछुआरा लमानीन नदी के किनारे मछली पकड़ने गया था। इसी दौरान उनकी नजर पानी में तैरते एक अर्धनग्न शव पर पड़ी। मछुवारे ने तत्काल इसकी सूचना गांव के प्रमुख लोगों और अन्य ग्रामीणों को दी। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई जिसके बाद ग्रामीणों ने डायल 112 और स्थानीय पुलिस को मामले की जानकारी दी।
26 मार्च से लापता थी महिला
परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक, मंगनी बाई मानसिक रूप से विक्षिप्त थीं। बीते गुरुवार, 26 मार्च 2026 को वह बिना बताए घर से कहीं निकल गई थीं। परिजनों ने अपने स्तर पर उनकी काफी तलाश की, लेकिन कहीं पता न चलने पर खैरागढ़ थाने में उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। चार दिनों के बाद आज उनका शव मिलने से परिवार में शोक की लहर है।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम की कार्रवाई
सूचना मिलते ही पुलिस टीम और डायल 112 के जवान मौके पर पहुंच गए। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है, जिसके चलते पुलिस ने शव को फिलहाल पानी से बाहर नहीं निकाला है। शव को सुरक्षित घेरे में ले लिया गया है। हमने फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम को सूचित कर दिया है। उनकी उपस्थिति में साक्ष्य जुटाने के बाद ही शव को नदी से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।


