खैरागढ़। होली के दिन देवरी से लौटते समय आमदनी चौक में हुए विवाद के बाद चाकूबाजी की घटना में घायल युवक की रायपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल है। मिली जानकारी के अनुसार, 38 वर्षीय वृंदावन यादव पर सिगारघाट निवासी राजू साहू ने चाकू से हमला कर दिया था। बताया जा रहा है कि होली के दिन आरोपी राजू साहू देवरी से लौट रहा था। आमदनी चौक के पास किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो गाली-गलौज में बदल गई। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने चाकू निकालकर वृंदावन यादव के पेट पर वार कर दिया। हमले में वृंदावन यादव को गंभीर चोट आई थी और वार इतना गहरा था कि उनकी आंत बाहर आ गई थी। आसपास के लोगों की मदद से उन्हें पहले अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। बाद में बेहतर इलाज के लिए रायपुर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद पुलिस ने आरोपी राजू साहू को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी युवक की तबीयत भी ठीक नहीं बताई जा रही है और उसका उपचार पुलिस की निगरानी में कराया जा रहा है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।


