श्यामपुर में जिला स्तरीय शुभारंभ कार्यक्रम, 125 दिन रोजगार और 300 रुपये दैनिक मजदूरी का दावा

खैरागढ़। विकसित भारत रोजगार और आजीविका गारंटी मिशन (ग्रामीण) का जिला स्तरीय जनसम्मेलन एवं शुभारंभ कार्यक्रम गुरुवार को छुईखदान विकासखंड के ग्राम पंचायत श्यामपुर स्थित पान अनुसंधान केंद्र, रामपुर नवागांव में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम की शुरुआत जिला पंचायत सीईओ प्रेमकुमार पटेल के स्वागत उद्बोधन से हुई। उन्होंने योजना की जानकारी देते हुए कहा कि यह मिशन ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन और आजीविका को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने कहा कि विकसित भारत रोजगार और आजीविका गारंटी मिशन के माध्यम से विभिन्न योजनाओं का अभिसरण कर ग्रामीण विकास को नई गति मिलेगी। इससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और ग्रामीणों के जीवन स्तर में सुधार होगा। मुख्य अतिथि जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में शुरू की गई यह योजना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में यह मिशन अहम भूमिका निभाएगा। उन्होंने बताया कि योजना के तहत श्रमिकों को 125 दिनों के रोजगार की गारंटी दी जाएगी तथा दैनिक मजदूरी 265 रुपये से बढ़ाकर 300 रुपये कर दी गई है। साथ ही 5 किलोमीटर के दायरे में रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा और जल संरक्षण सहित अन्य विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को योजना का प्रभावी और पारदर्शी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम के दौरान नक्सल प्रभावित परिवार को प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत निर्मित आवास की चाबी सौंपी गई। अतिथियों ने पान अनुसंधान केंद्र का निरीक्षण किया तथा वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष पुष्पा जंघेल, डॉ.राजेश्री त्रिपाठी, जिला भाजपा महामंत्री नवनीत जैन, जिला पंचायत सभापति ललित चोपड़ा, भुनेश्वरी देवांगन सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

