सुधार नहीं हुआ तो 22 मार्च को धरना प्रदर्शन की चेतावनी

खैरागढ़। शहर के नए बस स्टैंड स्थित यात्री प्रतीक्षालय की अव्यवस्थित और बदहाल स्थिति को लेकर शहर कांग्रेस कमेटी खैरागढ़ ने प्रशासन को अल्टीमेटम दिया है। कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि 22 मार्च तक व्यवस्थाओं में सुधार नहीं किया गया, तो प्रतीक्षालय के सामने धरना प्रदर्शन किया जाएगा। इस संबंध में शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष डॉ. अरुण भारद्वाज, विधायक प्रतिनिधि मनराखन देवांगन, नेता प्रतिपक्ष दीपक देवांगन एवं शेखर दास वैष्णव ने बुधवार को कलेक्टर से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने बताया कि 22 फरवरी को कांग्रेस द्वारा यात्री प्रतीक्षालय का निरीक्षण किया गया था, जिसमें वहां यात्रियों के लिए पेयजल और बैठने की उचित व्यवस्था तक नहीं पाई गई। नेताओं ने बताया कि पूरे परिसर में गंदगी का आलम है। जगह-जगह शराब की खाली बोतलें, डिस्पोजल पाउच और टूटी हुई कांच की बोतलें पड़ी हुई हैं। इसके साथ ही प्रतीक्षालय नशेड़ियों का अड्डा बन चुका है, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस प्रतिनिधियों के अनुसार, निरीक्षण के दौरान नगर पालिका और पुलिस प्रशासन को मौके पर बुलाकर एक सप्ताह के भीतर व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन लगभग एक माह बीत जाने के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है। इसी बात से नाराज होकर कांग्रेस नेताओं ने 18 मार्च को कलेक्टर से मिलकर दो टूक कहा कि यदि 22 मार्च तक सुधार नहीं हुआ, तो शहर कांग्रेस कमेटी नए बस स्टैंड स्थित यात्री प्रतीक्षालय के सामने धरना प्रदर्शन करने को बाध्य होगी। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ने नगर पालिका के सीएमओ को दूरभाष के माध्यम से तत्काल आवश्यक सुधार कार्य करने के निर्देश दिए हैं।


