यातायात जवान शाहिल राजपूत ने दिखाई मानवता, ड्यूटी के साथ भरते रहे जानलेवा गड्ढे

खैरागढ़। लगातार बारिश के बीच खैरागढ़ शहर की सड़कें गड्ढों में तब्दील हो गई हैं। खासकर इतवारी बाजार मार्ग पर बने बड़े-बड़े गड्ढे राहगीरों के लिए रोज हादसों का कारण बन रहे हैं। लोग फिसलते रहे वाहन चालक गिरते रहे लेकिन जिम्मेदार विभाग की ओर से इन जानलेवा गड्ढों को भरने की कोई ठोस पहल नहीं की गई। इसी बीच यातायात ड्यूटी में तैनात जवान शाहिल राजपूत ने वह किया जो जिम्मेदार विभाग को करना चाहिए था। रोज अपनी ड्यूटी निभाने के साथ-साथ उन्होंने स्वयं गड्ढों में मुरूम और मिट्टी डालकर उन्हें भरने का प्रयास किया ताकि राहगीरों और वाहन चालकों को राहत मिल सके तथा दुर्घटनाओं को रोका जा सके। शाहिल राजपूत का यह कार्य केवल ड्यूटी नहीं, बल्कि मानवता और जनसेवा की मिसाल है। जहां एक ओर संबंधित विभाग और जिम्मेदार अधिकारी बारिश का बहाना बनाकर चुप्पी साधे बैठे हैं, वहीं एक खाकी वर्दी वाला जवान जनता की सुरक्षा के लिए अपने स्तर पर पहल कर रहा है। यह घटना कई सवाल खड़े करती है क्या शहर की सड़कों की जिम्मेदारी अब पुलिस जवानों को निभानी पड़ेगी? आखिर कब तक आम जनता जान जोखिम में डालकर इन गड्ढों से गुजरती रहेगी? और कब जागेगा जिम्मेदार प्रशासन? खैरागढ़ एक्सप्रेस यातायात जवान शाहिल राजपूत की जनसेवा और संवेदनशीलता को सलाम करता है। ऐसे कर्मठ जवान समाज के लिए प्रेरणा हैं, लेकिन साथ ही प्रशासन से यह भी अपेक्षा है कि वह तत्काल सड़क मरम्मत कर अपनी जिम्मेदारी निभाए, ताकि किसी बड़े हादसे का इंतजार न करना पड़े।

