खैरागढ़। जिला मुख्यालय के समीप ग्राम ईटार में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया। साल्हेवारा बांध में नहाने गए दो मासूम बच्चों की पानी में डूबने से मौत हो गई, जबकि एक अन्य किशोर किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहा। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। मिली जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान तनिश डहारे (9 वर्ष) और समीर सोनवानी (12 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं कुलेश्वर सोनवानी (13 वर्ष) इस हादसे में बाल-बाल बच गया।बताया जा रहा है कि ग्राम ईटार निवासी तीनों बच्चे सोमवार दोपहर बरबसपुर स्थित आटा चक्की में चावल पिसाने के लिए घर से निकले थे। काम खत्म करने के बाद वे पास स्थित साल्हेवारा बांध की ओर चले गए। भीषण गर्मी के चलते बच्चों ने नहाने के लिए पानी में उतरने का फैसला किया लेकिन उन्हें पानी की गहराई का अंदाजा नहीं था। नहाने के दौरान अचानक तनिश और समीर गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। उनके साथ मौजूद कुलेश्वर भी डूबने की कगार पर पहुंच गया, लेकिन किनारे पर उगी बेशरम की झाड़ियों में फंसने से उसकी जान बच गई। झाड़ियों का सहारा लेकर वह किसी तरह बाहर निकला और दौड़कर गांव पहुंचकर परिजनों व ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही ग्रामीण और परिजन तत्काल बांध पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला। इस बीच गातापार पुलिस को भी सूचना दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों बच्चों को जिला अस्पताल खैरागढ़ ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर पंचनामा तैयार किया है तथा शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद ग्राम ईटार और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है। एक ही गांव के दो मासूमों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बच्चों को जलाशयों या बांध के पास अकेले न जाने दें, ताकि ऐसे हादसों से बचा जा सके।
Loading...


